देश के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है। मामले की मुख्य आरोपी और मृतक राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी को शिलांग की अदालत से जमानत मिल गई है। हालांकि कोर्ट ने जमानत के साथ सख्त शर्तें भी लगाई हैं। अदालत ने साफ किया है कि सोनम रघुवंशी शिलांग छोड़कर कहीं नहीं जा सकती और उसे रोजाना थाने में जाकर अपनी हाजिरी दर्ज करानी होगी।
यह मामला पिछले साल मई महीने का है, जब मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी व्यवसायी राजा रघुवंशी अपनी पत्नी सोनम के साथ शादी के बाद हनीमून मनाने के लिए मेघालय के शिलांग गए थे। 21 मई को दोनों शिलांग पहुंचे थे, लेकिन 26 मई को दोनों के लापता होने की सूचना सामने आई। इसके बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया।
कई दिनों की तलाश के बाद 2 जून को राजा रघुवंशी का शव सोहरा क्षेत्र में प्रसिद्ध वेई सावडोंग झरने के पास एक गहरी खाई से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद पूरे मामले ने देशभर में सुर्खियां बटोरीं।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ था। जांच में सामने आया कि सोनम रघुवंशी का राज कुशवाहा नाम के युवक के साथ संबंध था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर हनीमून के बहाने राजा की हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, हत्या सोनम की मौजूदगी में आकाश सिंह राजपूत, विशाल सिंह चौहान और आनंद कुर्मी ने अंजाम दी थी।
इस मामले में पुलिस ने सोनम समेत कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया था। सोनम को 9 जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से हिरासत में लिया गया था और तब से वह शिलांग जेल में बंद थी। मामले में पहले ही तीन अन्य आरोपियों को जमानत मिल चुकी है।
अब सोनम को भी जमानत मिलने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हालांकि जांच और कानूनी प्रक्रिया अभी जारी है, और पुलिस इस पूरे मामले की हर कड़ी को मजबूत करने में जुटी हुई है।