दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी इलाके कैलाश हिल्स में IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के मामले में शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवती की मौत गला घोंटने से हुई है। साथ ही रेप की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी आना बाकी है, लेकिन शुरुआती निष्कर्षों ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
पीड़िता को गंभीर हालत में All India Institute of Medical Sciences से जुड़े फोरेंसिक विशेषज्ञों की निगरानी में जांच के लिए भेजा गया था। इससे पहले उसे फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एम्स फोरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम में शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता के दोनों हाथों और पैरों पर कई खरोंचें और घाव पाए गए हैं, जो संघर्ष का संकेत देते हैं। चेहरे पर भी कई चोटें और खरोंच के निशान मिले हैं। सबसे अहम बात यह है कि नाक की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया, जो किसी भारी वस्तु से प्रहार की ओर इशारा करता है।
डॉक्टरों ने गर्दन की जांच में पाया कि ‘स्टर्नोक्लेइडोमास्टॉइड’, ‘स्टर्नोथाइरॉइड’ और ‘स्टर्नोहायॉइड’ मांसपेशियों में आंतरिक रक्तस्राव था। थाइरॉइड कार्टिलेज के दोनों हिस्सों में फ्रैक्चर मिला, जबकि हायॉइड हड्डी सुरक्षित पाई गई। सभी आंतरिक अंगों में खून का जमाव मिला, जो दम घुटने से मौत होने की पुष्टि करता है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी 19 वर्षीय राहुल मीणा ने अतिरिक्त चाबी का इस्तेमाल कर घर में प्रवेश किया और सीधे छत पर बने स्टडी रूम में पहुंचा, जहां पीड़िता सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थी। आरोप है कि उसने पहले युवती पर हमला किया, फिर मोबाइल चार्जिंग केबल से उसका गला घोंट दिया।
पुलिस को शक है कि आरोपी ने पीड़िता के बेहोश होने की स्थिति में उसके साथ दुष्कर्म भी किया। इसके बाद उसने शव को नीचे घसीटा और पीड़िता के फिंगरप्रिंट से लॉकर खोलने की कोशिश की। जब यह संभव नहीं हुआ, तो उसने स्क्रूड्राइवर से लॉकर तोड़कर नकदी और गहने चुरा लिए।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी सुबह 6:30 बजे कॉलोनी में दाखिल होता और 7:20 बजे निकलता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे कुछ घंटों बाद द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। जांच जारी है और आरोपी के राजस्थान के अलवर में एक अन्य रेप केस से भी जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।