रायबरेली दौरे पर पहुंचे सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। भुएमऊ गेस्ट हाउस में आयोजित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक में राहुल गांधी ने साफ शब्दों में कहा कि डर का माहौल बनाकर जनता की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन कांग्रेस को लड़ते रहना है और किसी से डरना नहीं है।
राहुल गांधी ने कहा कि मौजूदा सरकार धर्म का आडंबर ओढ़कर जनता को भ्रमित कर रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस दिखावे को बेनकाब करना जरूरी है, क्योंकि असली मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी पंचायत चुनावों की रणनीति तय करना और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना था। बैठक में मनरेगा को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तीन कार्यकाल की सरकारों में मनरेगा को पंचायतों से जोड़कर गरीबों को आर्थिक सुरक्षा देने का प्रयास किया गया था। पंचायतों को वित्तीय जिम्मेदारी दी गई ताकि ग्रामीण स्तर पर रोजगार और न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित की जा सके। लेकिन मौजूदा सरकार इस सोच को कमजोर कर रही है।
अगस्त्य नंदा की पहली फिल्म क्यों हुई फ्लॉप? – Sindhu Times
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता को केंद्रीकृत करना चाहते हैं और निर्णयों को नौकरशाही तक सीमित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मनरेगा का नाम बदलना केवल प्रतीकात्मक नहीं है, बल्कि इससे गांधी जी के विचारों का अपमान हुआ है। उससे भी बड़ा नुकसान यह हुआ है कि गरीबों से उनकी सुरक्षा छीन ली गई है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार देश की संपत्ति कुछ चुनिंदा पूंजीपतियों तक सीमित करना चाहती है। राहुल गांधी ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस जनता, किसानों और मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है, वहीं दूसरी ओर सरकार देश का धन अडानी और अंबानी को सौंपने में जुटी है।
बैठक में राहुल गांधी ने युवाओं को संगठन में आगे लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी और नए चेहरों को अवसर दिया जाएगा। कांग्रेस का मानना है कि युवा नेतृत्व से पार्टी को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। इस दौरे के दौरान राहुल गांधी ने 31 विकास कार्यों का लोकार्पण और 8 नए कार्यों का शिलान्यास भी किया। इसके साथ ही उन्होंने रायबरेली प्रीमियर लीग का उद्घाटन कर स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया। बाद में उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर से मुलाकात कर स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की।
राहुल गांधी की ऊंचाहार के उमरन गांव में आयोजित मनरेगा चौपाल को भी राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। भारी भीड़ के बीच राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की नीतियों पर हमला करते हुए भरोसा दिलाया कि कांग्रेस मजदूरों, किसानों और गरीबों के साथ मजबूती से खड़ी है।