Lucknow, लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे ने मंगलवार को भारी तबाही मचाई। सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम होने के कारण राज्य के कई जिलों में भीषण सड़क हादसे हुए, जिनमें अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।
सबसे बड़ा हादसा मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ, जहां सुबह करीब 4 बजे घने कोहरे के कारण 7 बसें और 2 कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर के बाद कई वाहनों में आग लग गई, जिससे 13 लोगों की जलकर मौत हो गई। करीब 60 लोग घायल बताए जा रहे हैं। डीएम ने बताया कि तीन मृतकों की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।
उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फार्च्यूनर कार का टायर फटने से दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक गाजियाबाद के निवासी बताए जा रहे हैं।
बस्ती जिले में ट्रक और यात्री बस की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं फतेहपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की जान चली गई।
हादसों के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर करीब 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। प्रशासन ने टोल प्लाजा बंद कर यातायात रोक दिया और हालात सामान्य करने का प्रयास किया।