पुल के गड्ढे ने ली विकराल रूप, ट्रक 25 फीट गहरी नदी में गिरा—चालक ने कूदकर बचाई जान
फर्रुखाबाद: राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-730C पर स्थित रामगंगा नदी के स्वर्गीय ब्रह्म दत्त द्विवेदी सेतु पर मंगलवार रात लगभग 10:30 बजे बड़ा हादसा होने से अफरा-तफरी मच गई। पुल पर बने गहरे गड्ढे की वजह से एक भारी ट्रक अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार में पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 25 फीट गहरी नदी में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही अल्हागंज पुलिस घटनास्थल पर पहुँची। आसपास के गाँवों से नाव चालक को बुलाया गया, जिसने सीमित रोशनी और साधनों की कमी के बावजूद रस्सी व बाँस की मदद से नदी में वाहन का पता लगाने की कोशिश की। नाविक के अनुसार, लगभग 10 फीट की गहराई पर एक बड़ा वाहन पानी में डूबा हुआ महसूस हो रहा था। रात अधिक होने और आवश्यक उपकरण न होने के कारण बचाव कार्य शुरू नहीं किया जा सका।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुल की मरम्मत कई बार हुई, लेकिन काम केवल औपचारिक रहा। अधूरी मरम्मत के कारण गड्ढे बार-बार उभर आते हैं, और यही लापरवाही इस गंभीर हादसे की मुख्य वजह बताई जा रही है।
देर रात तक नदी में गिरे वाहन का नंबर, उसकी स्थिति या उसमें कितने लोग सवार थे—इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। हालांकि, ट्रक चालक राजपाल पुत्र नेकसे निवासी रुस्तमपुर, मुरादाबाद किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा।
पूछताछ में चालक ने बताया कि वह गुलरिया बदायूं से गन्ना भरकर रूपापुर चीनी मिल जा रहा था। अचानक गड्ढे में टायर गिरने से स्टेरिंग फेल हो गया और ट्रक सीधे रेलिंग तोड़कर नदी में जा समा। चालक नदी में कूदकर तैरते हुए किनारे आ गया।