1 करोड़ के इनामी हिडमा का खात्मा: नक्सलियों की सबसे बड़ी हार

अपराध टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश राष्ट्रीय

छत्तीसगढ़–बस्तर में पिछले दो दशकों से फैले नक्सलवाद को सुरक्षा बलों ने एक बड़ा झटका दिया है। आंध्र प्रदेश के मारेदुमिल्ली जंगल में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के टॉप कमांडर माडवी हिडमा को उसकी पत्नी राजे (राजक्का) और चार साथियों के साथ ढेर कर दिया। 1 करोड़ रुपये के इनामी और सबसे युवा सेंट्रल कमिटी सदस्य हिडमा को मार गिराना नक्सलवादी नेटवर्क के लिए “कफन की आखिरी कील” माना जा रहा है।

1984 के आसपास सुकमा के पुर्वर्ति गांव में जन्मा हिडमा 1990 के दशक के अंत में नक्सली संगठन में शामिल हुआ। दसवीं तक पढ़ाई के बाद वह ग्राउंड लेवल कैडर से धीरे-धीरे गुरिल्ला युद्ध का मास्टर बन गया। ‘हिडमालु’ और ‘संतोष’ नाम से भी पहचान रखने वाले हिडमा को बस्तर के जंगलों का सबसे चालाक, बेरहम और कठिन परिस्थितियों में भी चकमा देने वाला कमांडर माना जाता था।

पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (PLGA) की बटालियन नंबर 1 का वह कमांडर था, जो दंडकारण्य क्षेत्र की सबसे ताकतवर यूनिट मानी जाती है। हिडमा पर 1 करोड़ रुपये से अधिक का इनाम था और वह अक्सर एके-47 लटकाए अपने चार-स्तरीय सुरक्षा घेरे के साथ जंगलों में घूमता था। सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई से वह कमजोर हुआ और तेलंगाना–आंध्र बॉर्डर पर छिपने को मजबूर हो गया।

हिडमा 26 से अधिक बड़े हमलों का मास्टरमाइंड था। 2010 के ताड़मेटला हमले (76 जवान शहीद), 2013 के झीरम घाटी कांड (27 नेता और सुरक्षाकर्मी शहीद), 2017 का बुरकापाल हमला (24 जवान शहीद) जैसे घटनाओं में उसका सीधा हाथ था। उसने दंतेवाड़ा और सुकमा में हुए कई खूनी हमलों को भी अंजाम दिया। उसकी पत्नी राजे भी PLGA की सक्रिय सदस्य थी और कई हमलों में शामिल रही।

हिडमा को ढेर करने की कार्रवाई मारेदुमिल्ली के घने जंगलों में मंगलवार सुबह पूरी हुई। सुरक्षाबलों की स्पेशल टीम ने उसे चारों तरफ से घेरकर एनकाउंटर में मार गिराया। बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि करते हुए कहा कि हिडमा का अंत माओवाद उखाड़ फेंकने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

विशेषज्ञों के अनुसार, हिडमा के मारे जाने के बाद नक्सलियों की रीढ़ टूट गई है। सेंट्रल कमिटी के 9 मेम्बरों में से अब तक 5 छत्तीसगढ़ में, 2 झारखंड में और 2 आंध्र–ओडिशा क्षेत्र में मारे जा चुके हैं। हिडमा के बिना PLGA की बटालियन नंबर 1 कमजोर होगी और पूरे दंडकारण्य क्षेत्र में नक्सलियों का तंत्र तेजी से बिखर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *