कोलकाता टेस्ट मैच में टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने एक ऐसा कीर्तिमान बनाया है, जिसे हासिल करना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं। जडेजा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के इतिहास में 2500+ रन और 150+ विकेट का डबल पूरा करने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। यह उपलब्धि हासिल करके जडेजा ने क्रिकेट इतिहास में एक बड़ा अध्याय जोड़ दिया है।
इसके साथ ही जडेजा WTC इतिहास में 150 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज भी बन गए हैं। इससे पहले भारत की ओर से आर. अश्विन और जसप्रीत बुमराह 150 विकेट का आंकड़ा छू चुके हैं। WTC के कुल आंकड़ों की बात करें तो अब जडेजा दुनिया के 7वें गेंदबाज हैं, जिन्होंने इस स्तर पर 150 विकेट पूरे किए हैं।
अश्विन ने 2019–2024 के बीच 41 टेस्ट की 78 पारियों में 195 विकेट लिए हैं, जबकि बुमराह ने 41 टेस्ट में 182 विकेट झटके। वहीं, WTC में सबसे ज्यादा विकेट ऑस्ट्रेलिया के नाथन लियोन के नाम हैं, जिन्होंने 2019–2025 के बीच 219 विकेट चटकाए।
जडेजा बने दुनिया के चौथे महान ऑलराउंडर
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के अलावा जडेजा टेस्ट क्रिकेट इतिहास में 4000 रन और 300+ विकेट का डबल पूरा करने वाले दुनिया के चौथे ऑलराउंडर बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि इयान बॉथम, कपिल देव और डैनियल विटोरी हासिल कर चुके हैं।
जडेजा ने यह मुकाम 87 टेस्ट मैचों में हासिल किया है, जो उन्हें भारत का सबसे तेज ऑलराउंडर बनाता है। इस मामले में उन्होंने महान कपिल देव को भी पीछे छोड़ दिया है।
भारत में इंटरनेशनल विकेट में जडेजा ने हरभजन को पछाड़ा
जडेजा ने भारत में इंटरनेशनल स्तर पर 381 विकेट लेकर हरभजन सिंह (380 विकेट) को पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही वे भारत में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।
इस सूची में पहले दो स्थानों पर अनिल कुंबले (476) और आर. अश्विन (475) हैं।
मैच का हाल
साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी 153 रन पर सिमट गई, जिससे भारत को जीत के लिए 124 रनों का लक्ष्य मिला। जडेजा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 20 ओवर में 50 रन देकर 4 विकेट लिए। उनके अलावा मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को 2–2 विकेट, जबकि बुमराह और अक्षर पटेल को 1–1 विकेट मिले।
साउथ अफ्रीका की ओर से कप्तान टेम्बा बावुमा ने 136 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाए।