Guwahati Hotel Firing: गुवाहाटी होटल गोलीकांड के मुख्य आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत, SI भी घायल

अपराध टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राष्ट्रीय

असम के गुवाहाटी स्थित होटल बिलास इन में हुई सनसनीखेज गोलीबारी के मुख्य आरोपी घनकांत गोगोई की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई है। शिवसागर जिले के फूलपानीचिगा इलाके में बुधवार तड़के करीब 3:10 बजे पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गुवाहाटी से शिवसागर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रोंगमोन ढाबे के पास उसने पुलिसकर्मियों पर हमला कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लग गई। घायल आरोपी को जॉयसागर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भागने की कोशिश के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, घनकांत गोगोई शिवसागर सदर पुलिस थाने में दर्ज मामले का मुख्य आरोपी था। उसे गुवाहाटी से शिवसागर लाया जा रहा था। रास्ते में रोंगमोन ढाबे के पास आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया और हिरासत से भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लग गई। घटना में शिवसागर टाउन पुलिस के सब-इंस्पेक्टर देबाशीष शर्मा भी घायल हुए हैं।

पहले कराया गया था क्राइम सीन रीक्रिएशन

इस घटना से पहले सोमवार सुबह पुलिस आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच होटल बिलास इन लेकर पहुंची थी। यहां गोलीबारी की वारदात से जुड़े घटनाक्रम को समझने के लिए क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया गया था। इस दौरान आरोपी घटनास्थल के अलग-अलग हिस्सों की ओर इशारा कर पुलिस को जानकारी देता दिखाई दिया। पूरी प्रक्रिया की पुलिसकर्मियों ने कैमरों से रिकॉर्डिंग भी की थी।

होटल के प्रबंधन को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, होटल के मालिकों और पट्टेदार के बीच प्रबंधन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बाद होटल में गोलीबारी की वारदात हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। उसके पास से लाइसेंसी .32 बोर की पिस्टल भी बरामद की गई थी। पुलिस इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम यानी एसआईटी गठित कर चुकी है।

गोलीबारी में पांच लोगों की हुई थी मौत

होटल में हुई गोलीबारी में पांच लोगों की जान चली गई थी। मृतकों की पहचान भूदेव भराली, उनकी बहन हेलेना, बेटे देबर्षि कश्यप, बहू रिनिका कश्यप और परिवार के कर्मचारी नारायण दास के रूप में हुई थी। इस हमले में परिवार का ड्राइवर सत्येंद्र पाठक भी घायल हुआ था।

मृतकों के परिजनों ने घटना को सुनियोजित हमला बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। अब मुख्य आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद इस मामले की जांच और पुलिस कार्रवाई को लेकर आगे की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *