कर्नाटक: कर्नाटक में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना हुंसूर के पास पेरियपट्टना में हुई, जहां केरल के कोझिकोड से बेंगलुरु जा रही कावेरी AC स्लीपर बस की एक ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बस और ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की तस्वीरों में दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा दिखाई दे रहा है।
इस दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में आफताब, साजेश (36) और सुनील की पहचान हुई है। ये तीनों मनकावु के रहने वाले बताए गए हैं। चौथे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। सभी शवों को हुंसूर के अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
हुबली में भी हुआ था दर्दनाक बस हादसा, बच्ची की मौत
कर्नाटक में इससे पहले गुरुवार तड़के हुबली के पास भी एक भीषण बस दुर्घटना हुई थी। मुंबई से बेंगलुरु जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी। इस हादसे में आठ साल की एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोग घायल हो गए।
बस में कुल 26 यात्री सवार थे। दुर्घटना तड़के करीब तीन बजे चब्बी क्रॉस से कुछ आगे हुई। पुलिस के अनुसार, चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वाहन सड़क से उतरकर खेत में जा गिरा।
रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर ड्राइवर को निकाला गया बाहर
हादसे के बाद बस चालक का पैर वाहन के अंदर फंस गया था। उसे काफी परेशानी हो रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान चलाकर चालक को बाहर निकाला।
पुलिस अधीक्षक गुंजन आर्य के मुताबिक, तेज रफ्तार के कारण बस उछल गई थी, जिसके बाद यह दुर्घटना हुई। हादसे में घायल हुए 16 लोगों का इलाज जारी था।
कर्नाटक में लगातार सामने आ रहे इन सड़क हादसों ने एक बार फिर यात्री सुरक्षा और सड़क पर सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित किया है। हालांकि, पेरियपट्टना में बस और ट्रक की टक्कर के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।