लखनऊ। राजधानी लखनऊ में डेंगू के नए मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। जिले में आज डेंगू के 11 नए पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इनमें चंदरनगर के चार, इंदिरानगर के तीन, अलीगंज के दो और टुड़ियागंज के दो मरीज शामिल हैं। डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को मच्छरजनित और मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान तेज कर दिया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ के निर्देश पर फैजुल्लागंज क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 65 घरों का स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजुल्लागंज की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आसमा के नेतृत्व में आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम की टीम ने कुंज विहार कॉलोनी, हाजिया इंस्टीट्यूट के पास दाउदनगर और संत कबीर नगर में लोगों से संपर्क किया। इस दौरान आवश्यक दवाएं, क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस पैकेट वितरित किए गए। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारियां दी गईं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मोबाइल मेडिकल यूनिट ने कुंज विहार कॉलोनी में 23 और दाउदनगर में 32 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। इसके अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से क्षेत्र में 108 रोगी वाहन की 24 घंटे तैनाती की गई है, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल सहायता मिल सके।
डेंगू से बचाव के लिए साफ-सफाई जरूरी
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। डेंगू फैलाने वाले मच्छरों की रोकथाम के लिए कूलर का पानी हर सप्ताह बदलने और उसे साफ करके सुखाने की सलाह दी गई है। पानी की टंकियों और कंटेनरों को ढककर रखने के साथ पुराने टायर, बोतल, बाल्टी और अनुपयोगी बर्तनों में पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। फूलदान और बर्ड बाथ का पानी भी नियमित रूप से बदलना चाहिए।
बुखार होने पर डॉक्टर से लें सलाह
विभाग ने लोगों को सोते समय मच्छरदानी लगाने, पूरी बांह के कपड़े पहनने और मच्छररोधी क्रीम का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। बुखार आने पर खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सक की सलाह से उपचार कराने पर जोर दिया गया है।
मौसमी बीमारियों से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, लखनऊ के कंट्रोल रूम नंबर 0522-2622080 पर संपर्क किया जा सकता है।