अमित शाह का संकल्प: 31 दिसंबर 2029 तक नशामुक्त होगा पंजाब, ‘चिट्टे के रावण’ का किया दहन

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ प्रदेश राजनीती राष्ट्रीय

लुधियाना। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब के लुधियाना में विजयदशमी उत्सव में भाग लिया और ‘चिट्टे के प्रतीकात्मक रावण’ का दहन किया। इस दौरान उन्होंने पंजाब को नशे के कारोबार से मुक्त करने का संकल्प लिया। अमित शाह ने घोषणा की कि 31 दिसंबर 2029 तक पूरे पंजाब को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में अपनी जान गंवाने वाले तीन लोगों को इससे बड़ी श्रद्धांजलि नहीं हो सकती।

 

विजयदशमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गृह मंत्री ने कहा कि भारतीय परंपरा में रावण दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह दिन हर व्यक्ति को अपने भीतर के अहंकार, मद, लोभ और अन्य बुराइयों को समाप्त करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हजारों साल पहले इसी दिन प्रभु श्रीराम ने रावण पर विजय प्राप्त की थी। तभी से पूरी दुनिया में इस अवसर को बुराई पर अच्छाई की जीत के रूप में मनाया जाता है।

 

अमित शाह ने लुधियाना में दशहरा आयोजन की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि वह बचपन से सुनते आए थे कि रावण दहन देखना हो तो लुधियाना जाकर देखना चाहिए। उन्होंने बताया कि यहां रामलीला कमेटी पिछले 200 वर्षों से रावण दहन का आयोजन करती आ रही है।

 

नशे के खिलाफ लड़ाई में जान गंवाने वालों के परिवारों से मिले

 

गृह मंत्री ने बताया कि उन्होंने पंजाब में नशे के खिलाफ लड़ाई के दौरान अपने बेटों को खोने वाले तीन परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि परिजनों की आंखों में आंसू, उनके सवाल और उनकी पीड़ा किसी को भी झकझोर देने वाली है। अमित शाह ने कहा कि इन परिवारों को न्याय दिलाना जरूरी है।

 

उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार ने एक हत्या की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपी है। उन्होंने राज्य सरकार से बाकी दो हत्याओं की जांच भी सीबीआई को सौंपने की मांग की। गृह मंत्री ने भरोसा जताया कि इन मामलों में न्याय होगा। उन्होंने कहा कि जांच सीबीआई को सौंपे जाने के बाद इन हत्याओं में कितना भी बड़ा व्यक्ति शामिल क्यों न हो, मोदी सरकार उसे ढूंढकर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाएगी।

 

नशे के कारोबार की सूचना देने की अपील

 

अमित शाह ने पंजाब की जनता से नशे के कारोबार के खिलाफ सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टोल-फ्री हेल्पलाइन पर नशे के कारोबार से जुड़ी जानकारी साझा करें। उनके मुताबिक, केंद्र सरकार ऐसी सूचनाओं पर कार्रवाई करेगी।

 

गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने जो लक्ष्य तय किए हैं, उन्हें पूरा करने के लिए काम किया है। उन्होंने अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाने, आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई और नक्सलवाद पर नियंत्रण का उल्लेख करते हुए कहा कि अब नशे के कारोबार को समाप्त करने की दिशा में काम किया जाएगा।

 

उन्होंने विजयदशमी के अवसर पर पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि इस अभियान में सरकार के साथ जनता की भागीदारी भी महत्वपूर्ण होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *