पहले जनता ने कांग्रेस को नकारा, अब उसके नेता: विष्णुदत्त

राजनीती

जोबट/अलीराजपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि पहले जनता ने कांग्रेस को नकारा और अब उनके नेता ही कांग्रेस को नकार रहे हैं। श्री शर्मा यहां जिले के जोबट में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि पहले तो प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को नकार दिया। उनकी सरकार को प्रदेश से उखाड़ फेंका औैर अब खुद उसके नेता कांग्रेस को नकार रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वे भी समझ गए हैं कि कांग्रेस के साथ रहकर वे जनता की सेवा और अपने क्षेत्रों का विकास नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि जनता जनप्रतिनिधियों से विकास चाहती है, लेकिन कांग्रेस के नेताओं, जनप्रतिनिधियों को लग रहा है कि वे भाजपा में आकर सेवाभाव से काम कर सकते हैं, भाजपा ने हमेशा से सेवाभाव की राजनीति की है।

श्री शर्मा अलीराजपुर जिले के ग्राम भाबरा में अमर बलिदानी चंद्रशेखर आज़ाद की जन्मस्थली भी पहुंचे और उनकी प्रतिमा के श्रीचरणों में पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान आज़ाद स्मृति मंदिर में उनकी स्मृतियों का अवलोकन भी किया। शर्मा ने कहा कि जो भी भाजपा में आना चाहे उसका स्वागत है। कांग्रेस के जनप्रतिनिधि और नेता भी भाजपा की रीति-नीति और नेतृत्व पर विश्वास करके आ रहे हैं। उन्हें लग रहा है कि भाजपा में रहकर वे सेवाभाव के कार्य कर सकते हैं।