उपराज्यपाल ने की डेंगू से बचाव उपायों कि समीक्षा की

राष्ट्रीय

पुड्डुचेरी। केंद्रशासित प्रदेश पुड्डुचेरी के उप राज्यपाल डॉ तमिलिसाई सुंदरराजन ने बुधवार को यहां एल्लापिल्लाईचवडी में राजीव गांधी महिला एवं बाल अस्पतालों का दौरा किया और साथ ही बाल चिकित्सा विभाग के प्रबंधन का निरीक्षण किया। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि बरसात के मौसम में मच्छर काटने से डेंगू बुखार फैलने का खतरा ज्यादा रहता है।
इसलिए बच्चों के बीमार होने की आशंका ज्यादा रहती है। इस बीमारी की रोकथाम एवं बचाव के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। डॉ सुंदरराजन ने कहा कि डेंगू बुखार के लिए दिए गए उपचार को लेकर और आने वाले दिनों में उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की गयी।
उप राज्यपाल ने कहा कि यह जानकर अच्छा लगा कि केन्द्रशासित प्रदेश में पिछले 10 वर्षों में डेंगू से एक भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है। डेंगू बुखार से पीड़ित जो बच्चे अस्पतालों में भर्ती हैं, वे स्वस्थ हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो बच्चे डेंगू बुखार से पीड़ित हैं, उनके लिए छह बिस्तरों का इन्तजाम किया गया है आवश्यकता पड़ने पर और अधिक बिस्तरों का इन्तजाम किया जाएगा।
डॉ सुंदरराजन ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय प्रशासन विभाग और लोक निर्माण विभाग एक साथ मिलकर मच्छरों की संख्या में रोकथाम के लिए इलाकों के आस-पास फैली गंदगी और जमा पानी को हटाने के कदम उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुबह इस विषय पर मुख्यमंत्री के साथ निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि डेंगू बुखार की रोकथाम के लिए लोगों में जागरुकता लाने का प्रयास कर रहे हैं।
उप राज्यपाल ने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग स्कूलों को दोबारा से खोलने के लिए सभी कदम उठाने का प्रयास कर रहे हैं और जल्द ही इस पर फैसला लेंगे। उन्होंने सभी लोगों से कोविड-19 संक्रमण से बचने के लिए टीका लगवाने का आग्रह किया।