मंदाकिनी में दस लाख ने लगायी आस्था की डुबकी

उत्तर प्रदेश

चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के पौराणिक एवं ऐतिहासिक तीर्थ स्थल चित्रकूट में आज छोटी दीपावली के पावन पर्व पर 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी नदी में डुबकी लगाकर कामदगिरि की परिक्रमा लगाई और अन्न दान और दीपदान किया। पूरे चित्रकूट क्षेत्र में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

मेला प्रशासन का अनुमान है कि दीपावली के दिन श्रद्धालुओं की भीड़ 25 लाख के ऊपर तक पहुंच सकती है, चित्रकूट प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र को आठ ज़ोन में बांटा गया है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के क्षेत्र में पड़ने वाले चित्रकूट में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आज प्रातः काल से ही मंदाकिनी में डुबकी लगाने वालों का तांता लग गया था।

श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाकर कामदगिरि की 5 किलोमीटर की परिक्रमा लगाई इसके बाद हनुमान धारा, प्रमोद वन, जानकी कुंड, स्फटिक शिला, अनुसूईया आश्रम और गुप्त गोदावरी के दर्शन किए। कामदगिरि मुख्य द्वार के महंत रामस्वरूपाचार्य ने बताया कि प्रत्येक वर्ष चित्रकूट में छोटी दीपावली के दिन लगने वाला मेला अति महत्वपूर्ण होता है इस दिन मंदाकिनी में स्नान करके कामदगिरि की परिक्रमा लगाने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।