कांग्रेस के रोहित ठाकुर चुनाव जीते, भाजपा को मिली करारी हार

टॉप -न्यूज़ राजनीती

शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले की जुब्बल कोटखाई विधानसभा सीट उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर विजयी रहे हैं। कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) से यह सीट छीनी है। चुनाव परिणामों के अनुसार श्री ठाकुर को 29447 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी और निर्दलीय प्रत्याशी चेतन ब्रागटा 23344 मत लेकर दूसरे स्थान पर रहे। भाजपा की इस चुनाव में करारी हार हुई है। उसकी प्रत्याशी नीलम सेरेक 2584 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं और अपनी जमानत भी नहीं बचा पाईं। वह मतगणना में शुरू से ही पिछड़ गईं थीं।

निर्दलीय सुमन कदम को 170 मत मिले और 172 लाेगों ने नोटा का बटन दबाया। उधर श्री ठाकुर की जीत की घोषणा होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने पटाखे छोड़े और परम्परागत नाटी नृत्य शुरू हो गया। वहीं मतगणना के शुरूआती दौर में यह साफ होने लगा था कि यह मुकाबला ठाकुर और ब्रागटा के बीच रहने वाला है। कांटे के इस मुकाबले में कभी ब्रागटा आगे और कभी ठाकुर आगे चल रहे थे। भाजपा की सरकार होने के बावजूद पार्टी के लिये यह चुनाव परिणाम बड़ा झटका है।

प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद पार्टी के लिये यह चुनाव परिणाम बड़ा झटका है। यह विधानसभा सीट भाजपा विधायक और पार्टी के मुख्य सचेतक नरेंद्र ब्रागटा के निधन के कारण रिक्त हुई थी जिसके लिये गत 30 अक्तूबर को उपचुनाव हुआ था। भाजपा ने श्री नरेंद्र ब्रागटा के पुत्र चेतन ब्रागटा को चुनाव में न उतार कर नीलम सेरेक पर दांव खेला था लेकिन उल्टा साबित हुआ। वहीं चेतन ब्रागटा भाजपा का टिकट न मिलने पर बगावत करते हुये निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतर गये थे।