मॉस्को। वियतनाम दक्षिण पूर्व एशिया में रूस की स्पूतनिक-वी वैक्सीन के सबसे बड़ा उत्पादन केंद्र बन सकता है। रूस में वियतनाम के राजदूत डांग मिन्ह खोई ने स्पूतनिक के साथ एक साक्षात्कार में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वियतनाम ने मार्च में स्पूतनिक-वी का पंजीकरण किया। इसके बाद वहां की प्रमुख फार्मास्युटिकल कंपनी ‘वाबायोटेक’ ने सत्यापन का प्रमाण पत्र प्राप्त किया और जुलाई में वैक्सीन की पहली बैच बोतलों में भरी। उन्होंने बताया कि यह तथ्य बहुत महत्वपूर्ण है कि वाबायोटेक ने स्पूतनिक- वी वैक्सीन को सफलतापूर्वक बोतलबंद कर दिया है। वियतनाम में स्पूतनिक-वी एकमात्र ऐसा टीका है जिसे प्रौद्योगिकी हस्तांतरण में प्रारंभिक सफलता मिली है। ऐसे में वियतनाम टीकों की घरेलू मांग को सुनिश्चित करने के लिए न केवल एक आधार तैयार कर रहा है बल्कि धीरे-धीरे दक्षिण पूर्व एशिया में स्पूतनिक वी वैक्सीन के उत्पादन केंद्र में भी तब्दील हो रहा है।