महिला हॉकी टीम की ‘बेटियों’ का किया सम्मान शिवराज

मध्यप्रदेश

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज विश्वास जताते हुए कहा कि हाल ही में संपन्न टोक्यो ओलंपिक में जबर्दस्त जुझारू प्रदर्शन करने वालीं भारतीय महिला हॉकी टीम की ‘बेटियां’ भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर नया इतिहास रचेंगी। श्री चौहान ने यहां ऐतिहासिक मिंटो हॉल में भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्यों के सम्मान में आयोजित समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष एवं इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र बत्रा, राज्य की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधराराजे, खेल जगत की हस्तियां और अन्य लोग मौजूद थे। श्री चौहान ने कार्यक्रम में भारतीय महिला हॉकी टीम की सभी सदस्यों को सम्मान स्वरूप 31-31 लाख रुपयों की धनराशि और प्रशस्तिपत्र भेंट किया।
श्री चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हाेंने स्वयं देखा था कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में जबर्दस्त खेल का प्रदर्शन किया। यह तो चांस की बात रही कि बेहतर प्रदर्शन के बावजूद टीम पदक से एक कदम दूर रही। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि लेकिन यहीं बेटियां भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर नया इतिहास रचेंगी।
श्री चौहान ने टीम की प्रत्येक खिलाड़ी का नाम लेकर उनके संघर्ष के बारे में संक्षेप में मंच से बताया और उम्मीद जतायी कि इससे प्रेरणा लेकर अन्य बालक बालिकाएं भी अपने जीवन में बेहतर करेंगे। खेल में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने घोषणा की कि भोपाल हॉकी की नर्सरी के रूप में विख्यात है और आने वाले समय में यहां पर ‘वर्ल्ड क्लास’ स्टेडियम बनाया जाएगा।
श्री चौहान ने खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से अनेक घोषणाएं करते हुए कहा कि इस राज्य में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित किए जाने की स्थिति में राज्य सरकार सभी संभव सुविधाएं मुहैया कराएगी।
इसके पहले कल यहां भारतीय महिला हॉकी टीम के पहुंचने पर हवाईअड्डे पर उनका शानदार स्वागत किया गया। पूरी टीम ने आज सुबह यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ स्मार्ट पार्क में पौधे रोपे और इसके बाद खिलाड़ियों के सम्मान में मुख्यमंत्री ने अपने निवास पर दोपहर भोज रखा। तत्पश्चात टीम एक विशेष रूप से सजायी गयी बस में सवार होकर मिंटाे हॉल पहुंची, जहां सभी खिलाड़ियों का उत्सवी माहौल में सम्मान किया गया।