जमुई। बिहार में जमुई जिले के आदर्श थाना जमुई क्षेत्र से पुलिस ने गुरूवार को एक महिला का शव बरामद किया। थाना अध्यक्ष चंदन कुमार ने यहां बताया कि स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर नारडीह पेट्रोल पंप के समीप से एक महिला का शव बरामद किया गया है।
प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि वाहन की चपेट में आने से महिला की मौत हुयी है। श्री कुमार ने बताया कि मृतक महिला की उम्र करीब 60 वर्ष है और उसकी तत्काल पहचान नहीं की जा सकी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।