प्रसिद्ध सूचना प्रौद्योगिकी विद सैम पित्रोदा ने शुरू किया किसान पोर्टल

टॉप -न्यूज़ न्यूज़ राष्ट्रीय व्यापार

published by saurabh

इसे भी देंखें https://www.youtube.com/watch?v=ta5scYWKE4o&t=263s

नयी दिल्ली (वार्ता): कांग्रेस से जुड़े प्रसिद्ध सूचना प्रौद्योगिकी विद सैम पित्रोदा ने किसानों के लिए एक पोर्टल ‘किसानो डाट ऑर्ग’ शुरू किया है जिसमें उन्हें ऋण, बीमा और विपणन आदि की जानकारी दी जायेगी। श्री पित्रोदा ने रविवार को पोर्टल का लोकार्पण करते हुए कहा कि इसके माध्यम से खेती करने से लेकर फसल की बिक्री तक के लिए जरुरी सारी जानकारी किसानों को उनके मोबाइल फोन पर दी जाएगी। अभी शुरुआत के लिए इसमें शिक्षा, विपणन, वित्त और बीमा जैसे चार विषय जोड़े गए हैं लेकिन आने वाले समय में किसानों की मांग और विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर इसका विस्तार किया जायेगा। किसानों को लिखित सामग्री के साथ-साथ वीडियो के माध्यम से भी उपयोगी जानकारियां दी जायेंगी। उन्होंने कहा कि कृषि विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों में खेती से जुड़े नए-नए शोध होते रहते हैं लेकिन इसकी जानकारी किसानों तक नहीं पहुँचने से उनको इसका फायदा नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि आज किसानों को नयी-नयी तकनीक से लेकर खाद, बीज, कीटनाशक, बैंक लोन, फसल बीमा और फसल की बिक्री से सम्बंधित जानकारियों की जरुरत होती है। इस तरह की सभी सूचनाएं उनके फोन पर दी जा सकती हैं। इससे किसान व्यापारियों को सीधे अपना उत्पाद भी बेच सकेंगे। श्री पित्रोदा ने कहा कि आज बहुत सी कम्पनियाँ किसानों तक जाने की कोशिश कर रही हैं लेकिन उन्हें कुछ बेचना है और हमारा काम किसानों को सूचनाएं देना है। फसल का सबसे ज्यादा दाम कहां मिलेगा उन्हें यह जानकारी मिले। उन्होंने बताया कि यह पोर्टल किसानों के लिए ज्यादा से ज्यादा उपयोगी बन सके इसके लिए कई महीनों तक अलग-अलग राज्यों के किसानों से उनकी समस्याओं के बारे में लम्बी चर्चा की गयी है।

यह भी पढ़ें- https://sindhutimes.in/rotarys-contribution-to-pulsepolio-campaign-harsh-vardhan/

इन समस्याओं के समाधान के लिए अनेक स्तरों पर कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों से लेकर बैंक और बीमा क्षेत्र के जानकार लोगों से भी राय ली गयी है। पोर्टल के संयोजक कृष्ण कान्त ने बताया कि देश में किसानों की संख्या लगभग 12 करोड़ और खेतिहर मजदूरों की संख्या लगभग 10 करोड़ है। इसके बाद भी यह क्षेत्र उपेक्षा और शोषण का शिकार है। एक तरफ जहां खेती के लिए जरूरी खाद, बीज, कीटनाशक, कृषि यंत्र और डीजल जैसी वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ किसानों को फसल का ठीक दाम नहीं मिल रहा है। श्री कान्त ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से किसानों की सारी समस्याओं का समाधान एक स्थान पर देने का पूरा प्रयास किया जायेगा। जैसे उनको अच्छी गुणवत्ता की खाद, बीज, कीटनाशक और कृषि यंत्र बाजार से कुछ सस्ते दामों पर मिल सकें, फसल के लिए ऋण और बीमा में आने वाली कठिनाइयां दूर हो सकें। फसल को अच्छे से अच्छे दामों पर बेचने का उपाय हो सके और अच्छी पैदावार के लिए विशेषज्ञों की सही सलाह उपलब्ध हो सके।

कृषि से संबन्धित समाचारों के लिए लागइन करें–http://ratnashikhatimes.com/