कोरोना से हुयी मौत, विभिन्न दलों के नेताओं ने भेजी शोक संवेदनाएं
सिंधु टाइम्स न्यूज़
लखनऊ। पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) प्रमुख अजित सिंह का गुरुवार को कोरोना संक्रमण के कारण निधन हो गया। वह करीब 82 वर्ष के थे।
उनके पुत्र और पार्टी उपाध्यक्ष चौधरी जयंत चौधरी ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। गुरुग्राम के एक अस्पताल में आज सुबह करीब 8 :20 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। पिछली 20 अप्रैल को कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि के बाद उन्हें गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले दो दिनो से उनकी सांस लेने की समस्या काफी बढ़ गयी थी जिसके बाद उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था।
उनका अंतिम संस्कार गुरुग्राम में ही किया जायेगा।
छोटे चौधरी के नाम से थे मशहूर –
छोटे चौधरी के नाम से मशहूर श्री चौधरी बागपत से सात बार सांसद रहे है। वह आईआईटी खड़गपुर के छात्र रहे है जबकि अमेरिका के शिकागो स्थित प्रौद्योगिकी संस्थान से उन्होंने आगे की पढाई की। इससे पहले उन्होने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी की डिग्री हासिल की। उन्होंने अमेरिका में 17 वर्षों तक विश्व विख्यात आईटी कंपनी आईबीएम में कार्य किया और 1980 में वह पिता चरण सिंह का साथ देने वापस भारत आये। श्री चौधरी की पार्टी रालोद ने हाल ही में सम्पन्न पंचायत चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ मिलकर शानदार प्रदर्शन किया था।
राष्ट्रपति कोविंद ने प्रकट की शोक संवेदना
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
श्री गोविंद ने गुरुवार को ट्वीट किया, “ राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख और पूर्व केन्द्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के निधन की सूचना से दुख हुआ। उन्होंने किसानों के हित में हमेशा आवाज उठायी।”
उन्होंने आगे कहा, “ जनप्रतिनिधि एवं मंत्री के रूप में उन्होंने देश की राजनीति पर अलग छाप छोड़ी। उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।”
अजित के निधन पर मोदी दुःखी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल के संस्थापक चौधरी अजित सिंह जी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री ने गुरूवार को एक ट्वीट संदेश में दिवंगत नेता के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया। उन्होंने किसानों के कल्याण के लिये चौधरी अजित सिंह के समर्पण और केंद्र सरकार में विभिन्न मंत्रालयों में उनके कुशल कामकाज को याद किया। साथ ही उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
राहुल-प्रियंका ने जताया शोक
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने राष्ट्रीय लोकदल के नेता चौधरी अजीत सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिजनों और उनके समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। श्री गांधी ने ट्वीट किया, “ राष्ट्रीय लोक दल प्रमुख अजित सिंह जी के असमय निधन का समाचार दुखद है। उनके परिवार व प्रियजनों को मेरी संवेदनाएं।”
श्रीमती वाड्रा ने कहा , “ लोकप्रिय नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री व किसान हितैषी नेता चौधरी अजीत सिंह जी के निधन की दुखद खबर मिली। चौधरी साहब के निधन से समाज एवं राजनीति को अपूर्णीय क्षति हुई है। जयंत और आरएलडी साथियों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर चौधरी साहब को श्रीचरणों में स्थान दें।”
यह भी पढ़ें – कोरोना के नए मामलों में लगातार गिरावट