चारधामों के पुराने मार्गों को खोजने निकला 25 सदस्यों का दल हरी झंडी दिखा कर किया रवाना

न्यूज़

देहरादून, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राज्य में स्थित गंगोत्री, यमुनोत्री, बदरीनाथ और केदारनाथ चार धामों को जाने वाले पुराने मार्गों को खोजने के लिये सुबह 25 सदस्यों के एक दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड (यूटीडीबी) ने ट्रैक द हिमालय के साथ मिलकर यह अभियान शुरू किया है। इसके तहत विशेषज्ञों के 25 सदस्यों का दल चारधाम ट्रैक पर पुराने मार्गों को खोजने के लिए 1200 किलोमीटर से अधिक का सफर तय करेगा। यह अभियान करीब 50 दिनों तक चलाया जायेगा। दल पुराने चार धाम और शीतकालीन चार धाम मार्ग को खोजने का काम करेगा।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने ट्रेकर्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि- यह गर्व का क्षण है हमारे पास राज्य की पुरानी पगडंडियों का पता लगाने के लिए एक युवा बल है। यह पहल हमारी सदियों पुरानी विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। इस अभियान से उत्तराखंड में साहसिक खेलों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि- यह अभियान पर्यावरण जागरूकता फैलाने, होमस्टे, स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होगा।