सोनभद्र में दहशत का पर्याय बना तेंदुआ आया पिंजरे में

उत्तर प्रदेश

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश में सोनभद्र के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के जंगल में एक हफ्ते से दहशत का पर्याय बने तेंदुआ को वन विभाग व पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर पिजरे में कैद कर लिया। वन विभाग के रेंजर सरजू प्रसाद ने सोमवार को बताया कि धुवास गांव के बसनीया जंगल में एक हफ्ते से एक तेंदुआ घूम रहा था। ग्रामीणों ने तेंदुआ दिखने की जानकारी वन विभाग व पुलिस को दिया। जानकारी मिलते ही वन विभाग व पुलिस की टीम सक्रिय हो गई।

रविवार को ग्रामीणों को सतर्क रहने व शाम होते ही घर में रहने के लिए जागरूक किया। शाम होते ही पुलिस व वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे के साथ जंगल में रवाना हुई। जिस जगह पर तेंदुए को देखा गया था वहीं पर पिंजरा लगाकर रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया गया। भोर में तीन बजे तेंदुआ को सफलता पूर्वक पिंजरे में कैद कर लिया गया और वन विभाग के कार्यालय में लाकर रखा गया है।

तेंदुए को देखने के लिए ग्रामीणों की काफी भीड़ एकत्र हो रही हैं। सरजू प्रसाद ने बताया कि पकड़े गये तेंदुए की उम्र चार वर्ष है। तेदुएं के मेडिकल जांच के लिए डाक्टरों की टीम बुलाई गई है। तेंदुआ पकड़े जाने की जानकारी वन विभाग के निदेशक को दे दिया गया है। उपर से आदेश आने के बाद तय होगा की तेंदुआ चिडियाघर भेजा जाएगा या पुनः जगंल में छोडा जाएगा।