राष्ट्रपति ने उच्च न्यायालयों के सात न्यायाधीशों के तबादले को दी मंजूरी

राष्ट्रीय

नई दिल्ली, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की मंजूरी के बाद सोमवार को केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय ने विभिन्न उच्च न्यायालयों के सात न्यायाधीशों के तबादले की अधिसूचना जारी की।राष्ट्रपति ने भारत के मुख्य न्यायाधीश एन वी रमन की सिफारिश पर न्यायाधीशों के तबादलों को मंजूरी दी। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग की ओर से आज जारी अधिसूचना के अनुसार, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजन गुप्ता, कर्नाटक उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति पी बी बजंथरी और राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव प्रकाश शर्मा को पटना उच्च न्यायालय में तबादला किया गया है। मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति टी एस सिवज्ञानम को कलकत्ता, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुरेश्वर ठाकुर को पंजाब एवं हरियाणा, तेलंगाना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति टी अमरनाथ गौड़ को त्रिपुरा और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुभाष चंद को झारखंड उच्च न्यायालय में तबादला किया गया है।