भोपाल। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन आज दिन में मध्यप्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी के रूप में निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा सकते हैं। उपचुनाव में अपरान्ह तीन बजे तक प्रत्याशी द्वारा नाम वापस लेने का समय निर्धारित है। इस उपचुनाव के एकमात्र प्रत्याशी श्री मुरुगन हैं और नाम वापसी का निर्धारित समय बीतने के बाद श्री मुरुगन को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जाएगा।
श्री मुरुगन ने यहां विधानसभा परिसर में राज्यसभा उपचुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी एवं विधानसभा के प्रमुख सचिव ए पी सिंह के समक्ष 21 सितंबर को नामांकनपत्र दाखिल किया था। नामांकनपत्र दाखिले की अंतिम तिथि 22 सितंबर थी और अगले दिन नामांकनपत्र की जांच की गयी थी।
मूल रूप से तमिलनाडु निवासी श्री मुरुगन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं और उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में हाल ही में शामिल किया गया है। पेशे से अधिवक्ता श्री मुरुगन को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता थावरचंद गेहलोत ने 07 जुलाई को राज्यसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया था और इस वजह से एक सीट रिक्त हुयी थी।
इसे भरने के लिए उपचुनाव हुआ। श्री गेहलोत को कर्नाटक में राज्यपाल बनाया गया है। श्री गेहलोत का कार्यकाल दो अप्रैल 2024 तक था। इसलिए उनके त्यागपत्र के कारण रिक्त हुयी सीट पर विजयी प्रत्याशी का कार्यकाल दो अप्रैल 2024 तक रहेगा। वर्तमान में दस राज्यसभा सांसदों में से 07 भाजपा के और 03 कांग्रेस के हैं।