योगी: राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितो के साथ खड़ी, सरकार हर मुमकिन मदद करेगी

उत्तर प्रदेश

सिद्वार्थनगर उत्तर प्रदेश के मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा है कि राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है और प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों को पीड़ितों की हर मुमकिन मदद करने के लिये जरूरी दिशा निर्देश प्रदान किये गये हैं।

डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के शाहपुर मण्डी परिषद परिसर मे बाढ़ पीड़ितों को सहायता राशि प्रदान करने के बाद श्री योगी ने कहा कि दो हफ्ते से हो रही भारी बारिश के कारण राप्ती,बूढ़ी राप्ती,घोंघी तथा कूड़ी का जल स्तर बढ़ने से बाढ़ के हालात पैदा हुये जिससे डुमरियागंज तथा नौगढ़ तहसील की सबसे ज्यादा आबादी प्रभावित हुई है। सरकार उनकी सहायता के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है।

उन्होने कहा कि हर एक नागरिक का जीवन बहुमूल्य है और जीवन को बचाने के लिए सरकार सभी नागरिको के साथ खड़ी है। बाढ़ पीड़ित लोगो को 10 किलो चावल,2 किलो दाल,नमक, आंटा,मसाला,तेल सहित अन्य उपयोगी चीजे दिया जा रहा है। जानवरो के लिए चारे की पूरी व्यवस्था करायी गयी है। नेपाल में हो रही भारी बारिश से यहां की नदियां उफनायी। सरकार ने बाढ़ आने से पहले ही एनडीआरएफ सहित अन्य बल को प्रदेश के हर जिलो मे तैनात कर दिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन को निर्देश प्रदान किया गया है कि बाढ़ से जिन किसानो का फसल नष्ट हो गया है उन किसानो की सूची बना कर उपलब्ध कराया जाये। उन्हे फसल क्षति के एवज में सहायता राशि प्रदान की जायेगी। वर्षा से जिनका घर गिर गया है, उन परिवारों को मुख्यमन्त्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराया जायेगा।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रो मे प्रशासन द्वारा कैम्प किया जा रहा है इसके बाद भी स्वास्थ्य शिविर लगा कर लोगो को जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध कराया जायेगा। क्लोरिन की गोली सभी परिवारो को दिया जाये जिससे बाढ़ खत्म होने के बाद होने वाली बीमारियों से बचा जा सके। इसके लिए प्रदेश सरकार 5 सितम्बर से 12 सितम्बर तक स्वच्छता तथा सैनिटाइजेशन अभियान चलायेगी।