मोदी 15 नवंबर को भोपाल में जनजातीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे

मध्यप्रदेश

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 15 नवंबर को यहां ऐतिहासिक जंबूरी मैदान में राज्य स्तरीय जनजातीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन को आयोजित करने के लिए तैयारियां व्यापक स्तर पर प्रारंभ हो गयी हैं। इसमें प्रदेश के विभिन्न इलाकों से जनजातीय समुदाय से आने वाले नागरिकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। स्थानीय जंबूरी मैदान पर लाखों की संख्या में भीड़ जुटने के अनुुमान के आधार पर प्रशासन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।

प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने आज बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर यह वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस दिन पूरे राज्य में अलग अलग आयोजन किए जाएंगे और मुख्य आयोजन यहां जंबूरी मैदान पर आयोजित होगा, जिसे श्री मोदी संबोधित करेंगे। इस बीच प्रदेश पुलिस ने भी श्री मोदी की यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा संबंधी आवश्यक कदम उठाना प्रारंभ कर दिए हैं।