महाराष्ट्र में महा विकास अघाडी की सरकार तीन महीने में गिर सकती : नारायण राणे

राष्ट्रीय

मुंबई, केन्द्रीय मंत्री नारायण राणे ने एक बार फिर महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार के गिरने को लेकर भविष्यवाणी करते हुए कहा कि अगले वर्ष मार्च तक गठबंधन सरकार जाएगी। श्री राणे ने दावा किया कि राज्य में एक बार फिर से भाजपा सरकार बनेगी।

श्री राणे ने हालांकि यह नहीं बताया कि- यह कैसे होगा लेकिन उनके नए दावे से राज्य में राजनीतिक अटकलबाजी तेज हो गयी है। उनसे पहले भाजपा के महाराष्ट्र अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने भी मार्च 2022 में एमवीए सरकार के गिरने की भविष्यवाणी की थी। इस बीच कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक ने इन दावों को महज बयानबाजी बताते हुए इसे खारिज कर दिया। उन्होंने कहा “अब तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने सरकार को गिराने की पांच से छह अलग-अलग तारीखें दी हैं। मैं समझ सकता हूँ कि लोगों को आशावादी रखना उनकी जिम्मेदारी है। अगर भाजपा को उनकी पार्टी को जीवित रखना है तो उनके नेताओं को ऐसा माहौल बनाए रखना होगा।”

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने कहा कि- भाजपा एक भविष्यवाणी करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई दावे झूठे साबित हुए है और उनके एमवीए सरकार के गिरने की भविष्यवाणी का कोई आधार नहीं है महज एक झूठ है। श्री पाटिल ने कहा उनकी सरकार अपने पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी।