भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में गोलीबारी 2 की मौत

बिहार

खगड़िया। बिहार में खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुयी गोलीबारी में बिहार गृहरक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के सेवानिवृत जवान समेत दो लोगों की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि डुमरी पंचायत के रहियामा गांव में दो पक्षों के बीच पूर्व से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था।
इसी को लेकर रविवार की देर रात दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गयी और दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर गोलियां चलानी शुरू कर दी।
गोलीबारी में एक पक्ष के कृष्ण देव चौधरी और दूसरे पक्ष के सेवानिवृत होमगार्ड जवान हरि बोल यादव गंभीर रूप से घायल हो गये। सूत्रों ने बताया कि घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गयी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।