पंजाब में आप विधायक रूपिंदर कौर रूबी का पार्टी से इस्तीफा

राजनीती

बठिंडा। पंजाब में बठिंडा(ग्रामीण) विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी(आप) विधायक रूपिंदर कौर रूबी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से आज इस्तीफा दे दिया। सुश्री रूबी ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपना इस्तीफे भेजा है और इसे स्वीकार करने को कहा है। ट्वीट में उन्होंने पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष और सांसद भगवंत मान को भी टैग किया है। इस तरह की अटकलें हैं कि वह कांग्रेस में शामिल हो सकती है।

वहीं राज्य के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अपराहन चार बजे संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित करने वाले हैं और इस तरह की प्रबल सम्भावनाएं हैं सुश्री रूबी को इस दौरान कांग्रेस में शामिल कराया जाएगा। वहीं राज्य विधानसभा चुनावों से ऐन पहले सुश्री रूबी का पार्टी से इस्तीफा देने को बड़ा झटका माना जा रहा है। बताया जाता है कि रूबी, श्री मान की हाईकमान द्वारा अनदेखी किये जाने से नाराज चल रहीं थीं। वह श्री केजरीवाल के मानसा और बठिंडा दौरे के हाल के दौरे के दौरान भी उनके कार्यक्रमों में शामिल नहीं हुईं थीं।

इसी के बाद से उनकी पार्टी से नाराजगी की सुगबुगाहट होने लगी थी।