न्यूजीलैंड में यात्रा करने की अनुमति अगले साल की शुरुआत से मिलेगी

अंतर्राष्ट्रीय टॉप -न्यूज़

वेलिंगटन। न्यूजीलैंड में कोरोना संक्रमण से संबंधित प्रतिबंधों में ढील देने के मद्देनजर अगले साल की शुरुआत से देश की सीमाएं खोली जाएंगी। न्यूजीलैंड में जनवरी, 2022 से बाहर रह रहे या फंसे निवासियों को अपने देश वापस आने का मौका मिलेगा। साथ ही अन्य विदेशी नागरिकों को भी अप्रैल से यहां आने की अनुमति दे दी जाएगी। हालांकि इसके लिए पूर्ण रूप से टीकाकृत होना अनिवार्य है। न्यूजीलैंड की सरकार ने देश में प्रवेश करने के बाद क्वॉरंटाइन या आइसोलेशन में रहने की व्यवस्था पर छूट दे दी है इसलिए अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए कुछ देरी से सीमाएं खोली जा रही हैं।

न्यूजीलैंड के कोविड मामलों के मंत्री क्रिस हिपकिंस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। श्री हिपकिंस ने एक संवाददाता सम्मेलन में अपनी योजनाओं का ऐलान करते हुए कहा, 16 जनवरी, 2022 को दोपहर के 11:59 बजे (स्थानीय समयानुसार) से पूर्ण रूप से टीकाकृत न्यूजीलैंड वासियों और अन्य योग्य विदेशी यात्रियों को ऑस्ट्रेलिया से न्यूजीलैंड में आने की इजाजत दी जा रही है। उन्होंने आगे कहा, 13 फरवरी, 2022 को दोपहर के 11:59 बजे से पूर्ण रूप से टीकाकृत अन्य सभी देशों के यात्री न्यूजीलैंड में प्रवेश कर सकते हैं।

इसके अलावा 30 अप्रैल, 2022 से यहां व्यक्तिगत रूप से आने वाले पूर्ण रूप से टीकाकृत किसी भी शख्स को आने की अनुमति दी जा रही है। श्री हिपकिंस ने कहा, ”कोरोना से अपने देश को सुरक्षित रखने के लिए हमने सबसे पहले अपने देश की सीमाओं को बंद करने का कदम उठाया था और यही वह आखिरी चीज है, जिसे अब खोला जा रहा है।” उन्होंने बताया,”यद्यपि सभी यात्रियों को यहां आने के बाद क्वॉरंटाइन में नहीं रहना होगा, लेकिन अपने पास पूर्ण रूप से टीकाकृत होने का सबूत रखना होगा, अपनी पिछली यात्राओं का विवरण साझा करना होगा, यहां आने के बाद कोरोना टेस्ट कराना होगा, सफर करने से पहले किए गए कोरोना टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी और खुद को सात दिनों के लिए आइसोलेट करना होगा। इसके बाद ही आप शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खुलकर घूम सकेंगे।”