दक्षिण कोरियाई के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से इनकार: ताकेओ मोरी

अंतर्राष्ट्रीय

टोक्यो। जापान के ताकेशिमा द्वीप समूह (सोल द्वारा कहे जाने वाले दोक्दो द्वीप) पर विवाद के बढ़ने पर जापानी उप विदेश मंत्री ताकेओ मोरी ने अमेरिका में दक्षिण कोरियाई उप विदेश मंत्री के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से इनकार कर दिया है। जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव हिरोकाजु मात्सुनो ने गुरुवार को यह जानकारी दी। जापान ने विवादित द्वीप पर दक्षिण कोरियाई पुलिस प्रमुख की यात्रा पर बुधवार को ‘गहरा खेद’ व्यक्त किया।

जापान और दक्षिण कोरिया के उप विदेश मंत्रियों के साथ-साथ वाशिंगटन में एक अमेरिकी उप विदेश मंत्री के साथ हुई त्रिपक्षीय वार्ता के दौरान जापान ने इस पर अपना विरोध जताया। श्री मात्सुनो ने पत्रकारों को बताया, “विरोध जताए जाने के बीच ताकेशिमा द्वीप पर सोल की गतिविधियों पर दक्षिण कोरियाई पक्ष के सामने अपनी प्रतिक्रियाएं व्यक्त करते हुए हमने फैसला लिया कि इस पर अब मिलकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करना अप्रासंगिक होगा।”

उल्लेखनीय है कि लियानकोर्ट रॉक्स को सोल में दोक्दो द्वीप के नाम से पुकारा जाता है और टोक्यो में इसे ताकेशिमा द्वीपसमूह कहा जाता है। यह द्वीपसमूह जापान और दक्षिण कोरिया से लगभग समान दूरी पर स्थित है। दशकों से यह द्वीपसमूह एक विवाद का मुद्दा बना हुआ है क्योंकि दोनों ही पक्षों ने दावा किया है कि उनका इस द्वीपसमूह के साथ लंबे समय से ऐतिहासिक नाता रहा है। ऐसा माना जाता है कि यह द्वीपसमूह प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है।