झुंझुनू के विकास ने जर्मनी में लहराया परचम

न्यूज़

झुंझुनू। राजस्थान में झुंझुनू जिले के सुल्ताना गांव के विकास कुमार लांबा ने जर्मनी में आयोजित बर्लिन मैराथन 2021 में एशियाई धावकों में पहला स्थान हासिल करते हुए देश का नाम रोशन किया है। विकास कुमार लांबा वर्तमान में विकास टेस्ला कंपनी बर्लिन में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। विकास ने हाल ही में आयोजित प्रतिष्ठित बर्लिन मैराथन 2021 में भाग लेकर शेखावाटी और देश को गौरवान्वित करते हुए भारतीय एवं एशियाई धावकों में पहला स्थान हासिल किया है।

दुनिया भर के 24 हजार एथलीटों में विकास ने 338वां स्थान प्राप्त किया। हर साल आयोजित होने वाली बर्लिन मैराथन दौड़ में विकास ने 42 किलोमीटर के लिए दो घंटे 44 मिनट का रिकॉर्ड समय लिया। विकास ने बताया कि वह 2016 से लंबी दूरी की दौड़ लगा रहे हैं। विकास इससे पहले टाटा मुंबई मैराथन, लद्दाख मैराथन, ब्रूसेल्स (बेल्जियम) मैराथन, कोपेनहेगन (डेनमार्क) मैराथन, रोम मैराथन, आइसलैंड मैराथन में भी भाग ले चुके हैं।