छत्तीसगढ़ में सीएम को लेकर चल रहा बवाल: रमन

राष्ट्रीय

धमतरी। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने भूपेश बघेल सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यहां मुख्यमंत्री पद को लेकर तमाशा चल रहा है जिसका अंत कब होगा, पता नहीं। डॉ रमन भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में कल शुक्रवार शाम कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद मीडिया से बातचीत में राज्य की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि लगता है आज राज्य में कोई मुख्यमंत्री अस्तित्व में नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में ढाई-ढाई साल का तमाशा चल रहा है। उसका अंत नजर नहीं आ रहा है। आपसी खींचतान में तीन माह बर्बाद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में प्रशासनिक अधिकारी निर्णय लेने से डर रहे हैं।
डॉ रमन ने राज्य में बढ़ते नक्सली हिंसा पर सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस सरकार की नक्सलियों पर कार्रवाई करने की इच्छा शक्ति नहीं है। इनके मंत्री सिर्फ बात करते हैं। आज तक कोई भी मंत्री बस्तर, दंतेवाड़ा में जाकर अफसरों की बैठक लेने को तैयार नहीं है। ढाई साल में नक्सलियों का मनोबल बढ़ा है। इसीलिए अब माओवादी जिला मुख्यालय की ओर बढ़ रहे हैं। इस मौके पर छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक भी मौजूद रहे।