कोरोना के सक्रिय मामलों में फिर से हुई वृद्धि

हेल्थ

नयी दिल्ली। देश में कोरोना वायरस की धीमी पड़ती रफ्तार के बीच पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामलों में वृद्धि हुई है और रिकवरी दर 98.15 फीसदी बनी हुई है। इस बीच बुधवार को 48 लाख आठ हजार 665 लोगों को कोरोना के टीके लगाये गये और आज देश ने एक अरब कोविड टीके लगाने की उपलब्धि कर ली है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोरोना के 18,454 नये मामलों की पुष्टि की गयी, जिससे संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर तीन करोड़ 41 लाख 27 हजार 450 हो गया है। इसी दौरान 17,561 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद कोरोना मुक्त होने वालों की तादाद बढ़कर तीन करोड़ 34 लाख 95 हजार 808 हो गयी है। सक्रिय मामले 733 बढ़कर एक लाख 78 हजार 831 हो गये हैं।

वहीं 160 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 4,52,811 हो गया है। देश में रिकवरी 98.15 फीसदी और सक्रिय मामलों की दर 0.52 फीसदी है जबकि मृत्यु दर 1.33 फीसदी पर बरकरार है। सक्रिय मामलों में केरल अभी देश में पहले स्थान पर है। राज्य में पिछले 24 घंटों में 2476 सक्रिय मामले बढ़ने से इनकी संख्या अब 83333 हो गयी है। वहीं 8592 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोनामुक्त होने वालों की तादाद बढ़कर 4769373 हो गयी है।

इसी अवधि में 82 मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 27,084 हो गयी है। महाराष्ट्र में सक्रिय मामले घटकर 29333 रह गये हैं जबकि 21 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 139886 हो गयी है। वहीं कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या 2879 बढ़कर 6427426 हो गयी है।