किसान विरोध को ताख पर रखते हुए, किसान विरोध के बीच किया भाजपा के प्रत्याशी गोबिंद कांडा चुनाव कार्यालय का उद्घाटन

टॉप -न्यूज़ राजनीती

ऐलनाबाद(सिरसा)। हरियाणा के सिरसा जिले की ऐलनाबाद विधानसभा उपचुनाव के लिये भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रत्याशी गोबिंद कांडा के सिरसा रोड के अम्बेडकर चौक पर चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के समय किसानों ने जम कर बवाल किया। राज्य विधानसभा उपाध्यक्ष रणवीर सिंह गंगवा और सिरसा के विधायक गोपाल कांडा ने संयुक्त रूप से इस कार्यालय का उद्घाटन किया और श्री गोबिंद कांडा को जीत का आशीर्वाद दिया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य देवी लाल और अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं, दूसरी ओर किसानों ने कार्यालय उद्घाटन के दौरान जमकर बवाल किया और भाजपा नेताओं को काले झंडे दिखाए। किसानों के आंदोलन के दृष्टिगत भारी पुलिस बल, त्वरित कार्रवाई बल और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान तैनात किए गए थे। जवानों ने कड़ी मशकत से किसानों को भाजपा के कार्यालय में घुसने से रोका।

चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में श्री गंगवा ने दावा किया कि इस समय पूरा चुनावी माहौल भाजपा के पक्ष में है और उनकी जीत सुनिश्चित हैं। उन्होंने कहा कि ऐलनाबाद में गत 17 सालों से विपक्ष का विधायक रहा है जो क्षेत्र का विकास नही करा पाया और इस बार श्री कांडा जीतेंगे और क्षेत्र में विकास की बयार बहेगी। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि किसान कोई विरोध नहीं कर रहा है,ये तो विरोधी दल के लोग है जो किसानों की आड़ में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने साफ कहा कि कृषि कानून पूरी तरह से किसानों के हित में है तथा अन्य प्रदेशों की अपेक्षा हरियाणा में किसानों को फसल का अच्छा भाव मिल रहा है।

विधायक गोपाल कांडा ने आरोप लगाया कि इस उप चुनाव में विरोध करने वाले इंडियन नेशनल लोकदल(इनेलो) कार्यकर्ता हैं जो किसानों को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐलनाबाद क्षेत्र में सेम की सस्मया थी, राज्य सरकार ने 98 करोड़ रुपये की योजना मंजूर की और इस पर काम जारी है। उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव तीन साल बनाम 30 साल होगा। उन्होंने कहा कि विरोधी दल राजनीति करना जानते हैं काम करने की उनकी सोच ही नहीं है, जनता उन्हें इस बार सबक जरूर सिखाएंगी।