एमपी में वैक्सीनेशन का महाअभियान-4 प्रारंभ

मध्यप्रदेश

भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना वैक्सीनेशन महाअभियान- 4 आज सुबह प्रारंभ हो गया, जिसके तहत राज्य में सभी 52 जिलों में बनाए गए टीकाकरण केंद्रों पर नागरिकों को टीके लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान स्वयं इस महाअभियान की निगरानी कर रहे हैं और वे भोपाल में कुछ केंद्रों का निरीक्षण करने भी पहुंचेंगे।
इसके अलावा विभिन्न जिलों में जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर पहले डोज के लिए शेष रहे नागरिकों को वैक्सीन लगवाने की कोशिश करेंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आज के महाअभियान का मुख्य लक्ष्य उन लोगों को वैक्सीन लगाना है, जिन्होंने अब तक पहला डोज भी नहीं लगवाया है। माना जा रहा है कि आज शाम तक इस लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा और राज्य 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र लगभग पांच करोड़ 50 लाख लोगों को वैक्सीन का पहला डोज देने की उपलब्धि हासिल कर सकता है।
सूत्रों का कहना है कि राज्य में पात्र लोगों में से लगभग 85 प्रतिशत नागरिकों को पहला डोज लग चुका है।
शेष रहे नागरिकों को आज किसी भी स्थिति में पहला डोज लगवाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके बाद सभी पात्र नागरिकों को दिसंबर माह तक दोनों डोज देने का कार्यक्रम है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कल रात जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार अब तक कोरोना वैक्सीन के छह करोड़ दस लाख छियानवे हजार एक सौ छियालीस डोज नागरिकों को दिए जा चुके हैं।
राज्य में फिलहाल दोनों डोज ले चुके नागरिकों की संख्या काफी कम है। पहले डोज का लक्ष्य पूरा होने के बाद दूसरा डोज लगाने का कार्यक्रम और तेजी से किया जाएगा।