अशोक गहलोत ने यूपी पुलिस कि निंदा की

राष्ट्रीय

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी एवं अन्य नेताओं को उत्तरप्रदेश पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की हैं। श्री गहलोत ने आज सोशल मीडिया के जरिए कहा कि वह इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं, प्रियंका गांधी प्रमुख विपक्षी नेता हैं और लखीमपुर खीरी जिले में कल जो किसान मारे गये उनके परिवारों से मिलने जा रही थीं। इस कर्तव्य निर्वह्न के लिये उनको रोकना पूर्णतया अनुचित है।उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को गैरकानूनी तरीके से रोका जाना लोकतांत्रिक मानदंडों के खिलाफ है। पहले शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों पर भाजपा नेताओं के काफिले की गाड़ियां चढ़ाकर उनको बर्बरता से मार दिया गया, फिर विपक्षी नेताओं को वहां जाने से रोका जा रहा है, जो बिल्कुल गलत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री तथा पंजाब के उपमुख्यमंत्री को राज्य में आने से रोका जा रहा है जोकि निंदनीय है। ऐसा केवल एक तानाशाह सरकार ही कर सकती है। क्या उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा लोकतंत्र को खत्म कर देना चाहती है। श्री गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार का अमानवीय चेहरा पूरी तरह सामने आ चुका है। किसानों की मांगों को अनसुनी करना, किसान आंदोलन को तोड़ना, उन पर अत्याचार करना और फिर किसी विपक्षी दल को उनके साथ न खड़े होने देना, यह सत्ताधारी दल का लोकतंत्र विरोधी रूप है जिसकी जितनी भर्त्सना की जाए कम है।