सिरसा/चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आज कहा कि ऐलनाबाद उपचुनाव में इंडियन नेशनल लोकदल प्रत्याशी अभय सिंह चौटाला को नैतिकता के आधार पर चुनावी मैदान में नहीं उतरना चाहिए था। कांग्रेस नेता श्री हुड्डा ने यहां इनेलो नेता श्री चौटाला पर हमला बोलते हुए कहा कि वह कहते हैं कि उन्होंने तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ विधानसभा से इस्तीफा दिया था।
सवाल ये है कि कानून तो आज भी बरकरार हैं, ऐसे में अभय सिंह चौटाला को नैतिकता के आधार पर चुनावी मैदान में उतरना ही नहीं चाहिए था।
इस बीच प्रदेश कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल ने ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के कागदाना, जमाल और माधों सिंघाना में कांग्रेस प्रत्याशी पवन बेनीवाल के समर्थन में आयोजित ग्रामीण सभाओं को संबोधित किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की लोगों को जाति और धर्म के नाम पर बांटने की नीति को लोग अब समझ चुके हैं और अब उनके किसी बहकावे में आने वाले नहीं हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन के प्रति निष्ठुर रवैया अपनाये हुए है और सरकार ने जनवरी के बाद से एक बार भी संयुक्त किसान मोर्चा से बात तक नहीं की है।