यूएई में नई टी-20 लीग के केकेआर व मुंबई इंडियंस बनेंगे मालिक

स्पोर्ट्स

दुबई। आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर), मुंबई इंडियंस (एमआई) और इंग्लिश फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड के मालिक आगामी दिनों में संयुक्त अरब अमीरात आधारित नई प्रीमियर लीग टी-20 प्रतियोगिता में फ्रेंचाइजियों के मालिक बनने के लिए तैयार हैं। लीग की योजना में शामिल एक अधिकारी के अनुसार छह मालिकों के साथ अलग-अलग स्तर पर चर्चा हो रही है जो अब अंतिम चरण में है।

अधिकारी ने क्रिकइंफो को दिए बयान में कहा,“ इनमें से एक कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक हैं जो लाइन-अप में हैं, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज, जिसके पास मुंबई इंडियंस का स्वामित्व है, अपनी ओर से औपचारिकता पूरी कर रहा है। नियम और शर्तों को अंतिम रूप दे दिया गया है। हमें अब केवल इसे अंतिम रूप देने के लिए मुंबई इंडियंस के मालिकों के साथ औपचारिक तौर पर हाथ मिलाने की जरूरत है।”

अधिकारी का मानना है कि अगले हफ्ते फ्रेंचाइजी मालिकों की औपचारिक घोषणाएं होने लगेंगी। इसी तरह टूर्नामेंट के प्रसारक की घोषणा किए जाने की उम्मीद है। अधिकारी ने कहा,“अन्य फ्रेंचाइजी मालिकों में कैपरी ग्लोबल शामिल हैं, जिन्होंने हाल ही में एक आईपीएल फ्रेंचाइजी के लिए बोली लगाई थी, लेकिन वह इसमें असफल रहे।

इसके अलावा बिग बैश लीग फ्रेंचाइजी सिडनी सिक्सर्स और आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक किरण कुमार ग्रांधी शामिल हैं। सभी छह फ्रेंचाइजी मालिकों के साथ अनुबंधों का आदान-प्रदान किया गया है और सफल चर्चाएं हुई हैं। वित्तीय शर्तों को अंतिम रूप दे दिया गया है। अधिकतर फ्रेंचाइजियों के वकील, सलाहकार और अन्य सदस्य ही अब विवरण देख रहे हैं।”