मुंबई – चैंबूर और विक्रोली में बारिश का कहर दिवार गिरने से 20 की मौत

टॉप -न्यूज़ राष्ट्रीय

मुंबई! महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में शनिवार रात से हो रही भारी बारिश रविवार सुबह भी जारी है, जिसकी वजह से तबाही का नजारा देखने को मिल रहा है। मुंबई में भारी बारिश के चलते जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सड़कों पर जलसैलाब का मंजर है, तो वहीं मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवा ठप हो गई है। कई इलाकों में पानी घर में घुस गया है।

बारिश के चलते चैंबूर में एक दीवार ढहने से 17 लोगों की जान चली गई, जबकि विक्रोली में दीवार गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। अब तक 16 लोगों को बचाया जा चुका है। वहीं कई लोग अभी घायल हैं, जबकि कई लोगों के दबे होने की आशंका है। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान शुरू हो गया है। एनडीआरएफ ने यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया।

मुंबई में हो रही लगातार बारिश की वजह से शनिवार देर रात दो अलग-अलग हादसों में अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है और 16 लोगों को बचाया गया है। मृतकों में से 17 लोगों की मौत चेंबूर इलाके में तो 3 की मौत विक्रोली में हुई। एनडीआरएफ की टीम मलबा हटाने में लगी हुई है। एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट आशीष कुमार ने बताया, ‘चैंबूर से चार शव बरामद किए हैं। इससे पहले 10 शव स्थानीय लोगों ने बरामद कर लिए थे। चैंबूर में सात और विक्रोली में छह और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।’